ऑनलाइन सट्टा में डूबी रकम की वसूली के लिए बनाए गए डी गैंग के चलते दुर्ग जिले में किडनैपिक के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। यहां दो दिन के भीतर अपहरण की दो अलग-अलग घटनाएं हुईं। दुर्ग पुलिस ने दोनों मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन अभी भी मुख्य आरोपी दीपक नेपाली तक पुलिस नहीं पहुंच पाई है।

दुबई में बैठे डी कंपनी आला कमान ने वसूली की जिम्मेदारी भिलाई के रहने वाले दीपक नेपाली को दी है। दीपक के इशारे पर पहली किडनैपिंग भोपाल मध्यप्रदेश से हुई। दो लड़कों को किडनैप कर उन्हें टॉर्चर किया और परिजनों से फिरौती की मांग की। इसके बाद दूसरा मामला फिर हुआ। इसमें भिलाई के रहने वाले आरोपी बलजीत सेठिया ने अपने साले बब्बी के साथ मिलकर पिस्टल की नोंक पर सेक्टर 7 निवासी सरकार टंडन (33 वर्ष) का अपहरण किया। उसे अपनी कार में घुमाकर पिस्टल की नोंक पर फिरौती की मांग की और फिर छोड़ दिया।