छत्तीसगढ़ में मानसून भले ही देरी से आया, लेकिन पिछले दो-तीन दिन से कई इलाकों में भारी वर्षा से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। राजनांदगांव में मोंगरा बैराज से आगे का पुल डूब गया है। बैकुंठपुर में भारी बारिश के कारण स्टेट हाईवे का रपटा डूबकर क्षतिग्रस्त हुआ है।
बड़ी संख्या में तालाब फूटने लगे हैं और गांवों का संपर्क कट रहा है। देरी से बावजूद प्रदेश में 9 जुलाई तक 297.8 मिमी बारिश होती है, इस तरह कुछ दिन में 84 प्रतिशत (करीब 250 मिमी) पानी बरस गया है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक सोमवार को मध्य तथा उत्तरी छत्तीसगढ़ में कुछ जगह भारी वर्षा के संकेत हैं।
छत्तीसगढ़ में मानसून 23 जून को आया था। जुलाई में भी 1 से 4 तारीख तक मानसूनी गतिविधियां थोड़ी कमजोर रहीं। लेकिन 5 जुलाई से फिर शुरू हुई मानसूनी हलचल के कारण राज्यभर में जमकर वर्षा हुई। यही वजह है कि 1 जून से 9 जुलाई तक की हुई बारिश औसत से सिर्फ 16 फीसदी ही कम रह गई है। पिछले 24 घंटे में राजनांदगांव में ही 60 मिमी बारिश हो गई। बैकुंठपुर, डौंडी, डोंगरगढ़, गीदम में 50 मिमी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि सोमवार को प्रदेश में कई जगह हल्की बारिश के आसार हैं। रायपुर में भी हल्के बादल रहेंगे और बौछारें पड़ेंगी।
पहाड़ों पर जलप्रलय, मैदानों में बाढ़, 4 राज्यों में 19 की माैत…
नई दिल्ली|उत्तर भारत के राज्याें में रविवार काे भारी बारिश से बाढ़ के हालात बन गए। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू कश्मीर में भूस्खलन और अन्य हादसाें में 19 लाेगाें की माैत हाे गई। ब्यास, यमुना सहित कई नदियां उफान पर हैं। दिल्ली में रविवार सुबह तक 24 घंटे में 153 मिमी बारिश हुई। 1982 के बाद से यह एक दिन में सर्वाधिक बारिश का 40 साल का रिकाॅर्ड है। वहीं हिमाचल के मनाली में 52 साल का रिकॉर्ड टूट गया। 1193% अधिक बारिश हुई।
गुड़गांव में 48 साल का रिकाॅर्ड टूटा। 151 मिमी पानी बरसा। दिल्ली और गुरुग्राम में सड़कें नदी बन गईं। यमुना में बढ़ते जलस्तर काे लेकर चेतावनी दी गई है। उत्तरी रेलवे ने 17 ट्रेनें रद्द कर दीं। सैलानियाें काे पर्वतीय इलाकाें में न आने की सलाह दी गई है।
इधर, जुलाई में आठ दिनाें की बारिश से देश की कुल बारिश अब सामान्य से अधिक हाे गई है। 8 जुलाई तक सामान्य बारिश 239.1 मिमी थी। आंकड़ा इसे पार कर 243.2 मिमी हाे गया है, जाे 2% ज्यादा है। जम्मू कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल में 2 दिन भारी बारिश की चेतावनी है। पंजाब, हरियाणा में भी नदियाें में बाढ़ के हालात बने हैं। चंडीगढ़ में 322 मिमी, अंबाला में 266 मिमी बारिश दर्ज हुई है। उधर, कश्मीर में 3 दिन से रुकी अमरनाथ यात्रा रविवार काे शुरू हाे गई।


